वाहन का शीशा तोड़ किया चकनाचूर, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
जौनपुर । समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकसभा 73 के प्रत्याशी अशोक सिंह के प्रचार वाहन को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में अशोक सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। पत्रकार वार्ता करते हुए अशोक सिंह ने कहा कि जब से मैं चुनाव लड़ने आया हूँ तबसे मुझे किसी ना किसी तरह परेशान किया जा रहा है। जिससे मैं अपना चुनाव प्रचार ना कर सकूं । आज उनका प्रचार वाहन सराय ख़्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार गांव में पहुंचा था। गांव में कुछ लोगों ने पत्थर मारकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और वाहन पर लगे पोस्टर को फाड़ डाला। अशोक सिंह की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि कभी प्रशासन की ओर से तो कभी विरोधियों की तरफ से उन्हें परेशान किया जा रहा है । गुरुवार को जब प्रचार का अंतिम दिन था तो उनकी प्रचार गाड़ी को अज्ञात बदमाशों द्वारा तोड़-फोड़ दिया गया। इस तरह की करतूत से राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इस घटना से क्षुब्ध होकर उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराके न्याय की गुहार लगाई है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि बार-बार हमें प्रताड़ित किया जा रहा है। कभी सुरक्षा के नाम पर तो कभी आचार संहिता के उल्लंघन के नाम पर। अब हमारे प्रचार गाड़ी और चालक पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सब चीजों से हम डरने वाले नहीं है। अबकी बार जनता हमारे साथ है। जनता सब देख रही है और फैसला भी वही करेगी। विपक्षी हमारी बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गए हैं, इसीलिए वह इस तरह की ओछी हरकत कर रहे हैं।