मुंबई: मराठा आरक्षण के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक शुरू हो गई है। गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर राज्य में तनाव के हालात बने हुए हैं और मराठा समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए हैं। बैठक में सीएम एकनाथ शिंदे भी मौजूद हैं। शिंदे ने सहयाद्रि राज्य अतिथि गृह पर ये बैठक बुलाई है।
मंत्री की गाड़ी में तोड़फोड़
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग तेज हो रही है। मराठा समुदाय के लोग सड़कों पर उतर चुके हैं और हिंसक रवैया अपना रहे हैं। आज ही ये खबर सामने आई कि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और अजित पवार गुट के नेता हसन मुश्रीफ की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। मुंबई के कोलाबा में स्थित आकाशवाणी विधायक आवास के पास दो अज्ञात लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया। इस मामले में 3 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
मनोज जरांगे कर रहे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मनोज जरांगे से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया था। राज ने यह भी मांग की थी कि आरक्षण मुद्दे पर चर्चा के लिए महाराष्ट्र विधानमंडल का एक विशेष सत्र बुलाया जाए।
जरांगे को लिखे पत्र में राज ठाकरे ने कहा था कि जिन लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल सका, उन्हें मिलना चाहिए और आरक्षण आर्थिक स्थिति के आधार पर होना चाहिए। राज ठाकरे ने कहा, 'इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार को राज्य विधानमंडल का एक विशेष सत्र बुलाना चाहिए। सभी को बताएं कि विभिन्न राय क्या हैं और सरकार किस कानून के तहत आरक्षण देने की योजना बना रही है।'